आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) ने दिल्ली के एक मेट्रो स्टेशन पर संदिग्ध का पीछा कर उसे दबोचने वाले जवान की मुस्तैदी और साहस के लिए उसे प्रशस्ति पत्र और 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
यह घटना 17 अक्टूबर को जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर हुई थी। सीआईएसएफ ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर जवान की इस मुस्तैदी का एक वीडियो पोस्ट किया है।
इस 27 सेकंड के वीडियो को व्यापक रूप से साझा किया गया, और आम सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं के साथ-साथ कुछ पुलिस अधिकारियों ने जवान की तत्काल निर्णय लेने की क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
अधिकारियों ने बताया कि कांस्टेबल अभिषेक वर्मा को सीआईएसएफ प्रमुख प्रवीर रंजन द्वारा महानिदेशक (डीजी) प्रशस्ति पत्र और 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया।
दरअसल, संदिग्ध व्यक्ति के बैग में एक ठोस वस्तु का पता चला था। जब उससे इस बारे में स्पष्टीकरण मांगा गया, तो वह व्यक्ति बैग उठाकर जांच बूथ से बाहर भागा और निकास द्वार की ओर जाने वाली स्वचालित सीढ़ी की तरफ बढ़ा।
वर्मा ने सीढ़ियों पर उसका पीछा किया और उसे निकास द्वार पर पकड़ लिया।