वीएसीबी ने कासरगोड में अस्थायी सफाईकर्मी को 5,000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-06-2026
VACB catches temporary sweeper in Kasargod red-handed while accepting Rs 5,000 bribe
VACB catches temporary sweeper in Kasargod red-handed while accepting Rs 5,000 bribe

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
कासरगोड जिले के उप्पला समूह ग्राम कार्यालय में कार्यरत एक अस्थायी सफाईकर्मी को सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (वीएसीबी) ने बृहस्पतिवार को एक शिकायतकर्ता से कथित तौर पर 5,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

आरोपी की पहचान कासरगोड जिले के कोडीबैल निवासी शिवप्रसाद के. (42) के रूप में हुई है।
 
वीएसीबी के अधिकारियों के अनुसार, शिकायतकर्ता (जो मंगलपडी में एक मंदिर समिति के उपाध्यक्ष हैं) ने लगभग एक महीने पहले उप्पला समूह ग्राम कार्यालय से संपर्क किया था। वह 2011 में एक श्रद्धालु द्वारा मंदिर को दान की गई जमीन के लिए मंदिर समिति के नाम पर जमीन का कर जमा करना चाहते थे।
 
अधिकारियों ने बताया कि विशेष ग्राम अधिकारी ने शिकायतकर्ता को सूचित किया कि कर रिकॉर्ड अब भी पिछले मालिक के नाम पर है। मंदिर समिति के नाम पर कर जमा करने से पहले कुछ प्रक्रियाओं को पूरा करने की आवश्यकता है।
 
इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से संपर्क किया। उसने दावा किया कि वह विशेष ग्राम अधिकारी के माध्यम से इस प्रक्रिया को तेज करवा सकता है और उसने इसके बदले में पैसों की मांग की।
 
वीएसीबी अधिकारियों ने कहा कि आरोपी बाद में 11 जून को संपत्ति का दौरा करने के दौरान विशेष ग्राम अधिकारी के साथ गया था।
 
दौरे के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता से 1,500 रुपये लिए और प्रक्रिया को पूरा करने के लिए अतिरिक्त 5,000 रुपये की मांग की।
 
अधिकारियों ने कहा कि इसके बाद आरोपी ने शिकायतकर्ता को बार-बार फोन किया और बाकी रकम की मांग की।
 
रिश्वत देने के प्रति अनिच्छुक शिकायतकर्ता ने वीएसीबी की कासरगोड इकाई से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) की देखरेख में एक जाल बिछाया गया।