उप्र: योगी ने ‘एयर शो’ की तैयारियों की समीक्षा की, प्रधानमंत्री मोदी हो सकते हैं शामिल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-10-2026
UP: Yogi reviews preparations for 'air show', PM Modi may attend
UP: Yogi reviews preparations for 'air show', PM Modi may attend

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी के नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक प्रस्तावित ‘एयर शो’ की तैयारियों की शनिवार को उच्चस्तरीय समीक्षा की।
 
एक बयान के मुताबिक, 25 अक्टूबर को होने वाले मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के शामिल होने की संभावना है।
 
बयान में बताया गया कि बैठक में भारतीय वायुसेना के अधिकारियों, जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के समक्ष एयर शो की तैयारियों और कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया।
 
अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर दर्शक दीर्घाओं, ग्रैंड स्टैंड, विशिष्ट एवं अति विशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित क्षेत्र, मीडिया एरीना, प्रवेश-निकास मार्ग और सुरक्षा जांच केंद्र सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
 
नमो घाट और गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों में संभावित भीड़ को देखते हुए क्षेत्रों को जोन और सेक्टर में बांटकर प्रबंधन की कार्ययोजना भी प्रस्तुत की गई।