आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पाकिस्तान में जन्मे यूएई के बल्लेबाज आसिफ खान पर पिछले साल प्रतियोगिता के इतर किए गए डोप परीक्षण में प्रतिबंधित एनाबॉलिक स्टेरॉयड के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद 15 महीने का प्रतिबंध लगाया गया है।
आसिफ के आठ सितंबर 2025 को किए गए परीक्षण में मेस्टेरोलोन के मेटाबोलाइट की पुष्टि हुई थी। मेस्टेरोलोन का इस्तेमाल टेस्टोस्टेरोन का स्तर बढ़ाने के लिए किया जाता है।
क्रिकेट की वैश्विक संस्था आईसीसी ने एक बयान में कहा, ‘‘36 वर्षीय आसिफ ने आईसीसी की डोपिंग रोधी संहिता के नियम 2.1 के उल्लंघन की बात स्वीकार कर ली है और विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) तथा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के साथ मामले के समाधान संबंधी समझौते के तहत सजा स्वीकार कर ली।’’
प्रतिबंध की अवधि आठ सितंबर 2025 से लागू मानी गई है और यह इस साल सात दिसंबर तक चलेगी।