आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पुणे के गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक कॉलेज में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर कथित तौर पर हटाए जाने के मामले में पुलिस ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले सोमवार को पार्टी प्रमुख राज ठाकरे के बेटे और मनसे नेता अमित ठाकरे समेत अन्य लोगों के खिलाफ संस्थान के एक कार्यालय की दीवार से प्रधानमंत्री की तस्वीर कथित तौर पर हटाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया था।
छत्रपति पुलिस थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "इस घटना के संबंध में पूछताछ के लिए मनसे के दो कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच जारी है।"
कॉलेज अधिकारी की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मनसे की छात्र इकाई के प्रमुख अमित ठाकरे सोमवार दोपहर सदस्यता अभियान के सिलसिले में कॉलेज पहुंचे थे।
शिकायत के अनुसार, उन्होंने कथित तौर पर अपने समर्थकों से कार्यालय की दीवार पर लगी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर हटाने को कहा। यह तस्वीर छत्रपति शिवाजी महाराज के चित्र और डॉ. बी. आर. आंबेडकर तथा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की तस्वीरों के साथ लगी हुई थी।