आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मीडिया कंपनी ने अपने शेयरों में गिरावट थामने के लिए कई नए कारोबार शुरू किए, लेकिन अपेक्षित सफलता नहीं मिलने पर अब वह अपने मूल मीडिया कारोबार पर फिर से ध्यान केंद्रित कर रही है।
कंपनी ने ‘व्हाइट हाउस’ से जुड़ी सूचनाओं तक तेज पहुंच उपलब्ध कराने वाली एक सशुल्क सेवा शुरू की है, जिसे लेकर विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी के नेताओं और शासन पर नजर रखने वाले समूहों ने गंभीर नैतिक सवाल उठाए हैं।
निवेशकों के साथ चर्चा के दौरान सोमवार को 'ट्रुथ सोशल' की मूल कंपनी ट्रंप मीडिया एंड टेक्नोलॉजी ग्रुप ने कहा कि वह अपने अधिकांश नए कारोबारी विस्तार को समेट रही है और अपने मूल मीडिया कारोबार को मजबूत करेगी।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जब ट्विटर (अब एक्स) और फेसबुक से हटा दिया गया था, तब उन्होंने 'ट्रूथ सोशल' की शुरुआत की थी। इसके बाद कंपनी ने अपने कारोबारी मॉडल में बदलाव किया। अब यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मंच के बजाय व्हाइट हाउस से जुड़ी खबरों और राष्ट्रपति की घोषणाओं का प्रमुख स्रोत बनने की कोशिश कर रही है।