राजस्थान के कई हिस्सों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-03-2026
Thunderstorms, rain and hailstorms are likely in many parts of Rajasthan.
Thunderstorms, rain and hailstorms are likely in many parts of Rajasthan.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
राजस्थान के कई इलाकों में बुधवार से बारिश होने और आंधी चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान है। जयपुर स्थित मौसम केंद्र ने यह जानकारी दी।
 
मौसम केंद्र ने बताया कि नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 मार्च को दक्षिण पश्चिम राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर परिसंचरण तंत्र बनने की पूरी संभावना है। इसके असर से 18-20 मार्च को कुछ स्थानों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने व बारिश होने तथा कहीं-कहीं ओलावृष्टि होने का अनुमान है।
 
उसने बताया कि बुधवार को जोधपुर, बीकानेर संभाग व शेखावाटी क्षेत्र के जिलों में कहीं-कहीं आंधी के साथ हल्की बारिश हो सकती है। शेष भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा।
 
वहीं, 19-20 मार्च को विक्षोभ का सर्वाधिक असर रहने तथा जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर व कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में बादल गरजने के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने तथा बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।
 
बुधवार सुबह तक के 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान चित्तौडगढ़ में 38.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान सिरोही में 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा।