There is no anti-incumbency wave, the Sabarimala gold theft issue will impact the UDF and the BJP: Vishwam
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शबरिमला में सोने की चोरी के मामले में कुछ वामपंथी नेताओं की कथित संलिप्तता से विधानसभा चुनाव अभियान पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभाव के दावों को खारिज करते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की केरल इकाई के सचिव बिनॉय विश्वम ने कहा कि यह मुद्दा कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और भाजपा पर ही उल्टा पड़ेगा, जिससे सत्तारूढ़ दल राज्य में किसी भी चुनावी नुकसान से बच जाएगा।
विश्वम ने यह भी कहा कि उनका मानना है कि वामपंथी लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के खिलाफ सत्ता-विरोधी लहर नहीं है, जिसमें भाकपा दूसरा सबसे बड़ा घटक है और राज्य में वामपंथी लहर है।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए एक साक्षात्कार में कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन पर जमात-ए-इस्लामी जैसे इस्लामी संगठनों के साथ कथित चुनावी मिलीभगत का आरोप लगाते हुए उसकी कड़ी आलोचना की।
उन्होंने कहा कि एलडीएफ प्रतिबंधित संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) की राजनीतिक शाखा जमात-ए-इस्लामी और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) को ‘‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के मुस्लिम संस्करण’’ के रूप में देखता है।
विश्वम ने कहा, ‘‘हम उन लोगों के खिलाफ हैं जो अपने राजनीतिक एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए धर्म का इस्तेमाल करते हैं। सभी धर्मों में चरमपंथी गुट मौजूद हैं और हम ऐसे धार्मिक चरमपंथ या उससे उपजे आतंकवाद से कोई समझौता नहीं करेंगे।’’
जब उनसे पूछा गया कि क्या राज्य में सत्ता विरोधी लहर है, जैसा कि संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने दावा किया है, तो विश्वम ने कहा कि यह कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन का केवल ‘‘आत्म संतुष्टि’’ का दावा है।
शबरिमला में सोने की चोरी के मुद्दे पर विश्वम ने कहा कि एलडीएफ का रुख बिल्कुल स्पष्ट है कि अगर वाम मोर्चे का कोई भी सदस्य इस मामले में शामिल है तो उन्हें ‘‘किसी भी तरह की रियायत’’ नहीं दी जाएगी। इस मुद्दे का जिक्र हाल ही में केरल दौरे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी किया था।
उन्होंने कहा कि लोग एलडीएफ के रुख से अवगत हैं और इसलिए शबरिमला में सोने की चोरी का मुद्दा वाम मोर्चे की चुनावी संभावनाओं पर असर नहीं डालेगा।
वरिष्ठ भाकपा नेता ने कहा कि इससे कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ और भाजपा के चुनाव परिणामों पर असर पड़ेगा।
विश्वम ने कहा कि सभी ने शबरिमला में सोने की चोरी के मामले में मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तस्वीरें यूडीएफ संयोजक अडूर प्रकाश और राष्ट्रीय स्तर के कांग्रेस नेताओं के साथ देखी हैं।
विश्वम ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों के फलस्वरूप एलडीएफ को पिछली दो बार की तुलना में कहीं अधिक सीटें मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि एलडीएफ को 2026 के विधानसभा चुनावों में 110 सीटें मिलेंगी।