the re-consecration ceremony of the famous Meenakshi Sundareswarar Temple was held.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु के मदुरै स्थित प्रसिद्ध श्री मीनाक्षी सुंदरेश्वर मंदिर में बृहस्पतिवार को महाकुंभाभिषेक (पुन: प्रतिष्ठा समारोह) का आयोजन वैदिक मंत्रों के उच्चारण और हजारों श्रद्धालुओं की भक्ति के बीच किया गया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस भव्य आयोजन को देखने के लिए मंदिर पहुंचे थे। पुजारियों ने अनुष्ठान किए और मीनाक्षी अम्मन मंदिर के विमानम (शिखर) तथा सुंदरेश्वर स्वामी मंदिर के विमानम पर जल से अभिषेक किया।
इस दौरान श्रद्धालु विशाल मंदिर के टावरों के आसपास खड़े होकर समारोह देखते रहे।
इसके बाद महा दीपाराधना (विशेष दीप पूजा) की गई। बाद में पुजारियों ने श्रद्धालुओं पर जल का छिड़काव किया।
मंदिर के एक सूत्र के अनुसार, यह समारोह सुबह 7:45 बजे से 8:10 बजे के बीच आयोजित किया गया।
यागशाला अनुष्ठान 11 सितंबर से शुरू हुए थे और 16 सितंबर तक जारी रहे। कुंभाभिषेक समारोह से पहले बुधवार रात मंदिर को सजाया गया था। 17 साल के अंतराल के बाद यह समारोह आयोजित किया गया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु बुधवार रात ही मंदिर पहुंच गए थे और सुबह शुरू हुए समारोह को देखने के लिए मंदिर के आसपास स्थान बना लिया था।