एक गीत, एक चोटिल खिलाड़ी और गोल्डन गोल : हरबिंदर ने ताजा की 1966 एशियाड हॉकी स्वर्ण की यादें

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-09-2026
Harbinder relives memories of the 1966 Asian Games hockey gold
Harbinder relives memories of the 1966 Asian Games hockey gold

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 एशियाई खेलों में भारतीय हॉकी टीम को पहला स्वर्ण पदक जीते छह दशक बीत गए लेकिन टीम के धुरंधर सेंटर फॉरवर्ड हरबिंदर सिंह के जेहन में आज भी उसकी यादें ताजा है और वह गाना आज तक नहीं भूले जो टीम बस में हमेशा बजता था ।

भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने बैंकॉक में 1966 एशियाई खेलों में पहली बार स्वर्ण पदक जीता था । इसके 32 साल बाद 1998 में बैंकॉक में ही धनराज पिल्लै की कप्तानी में भारत ने दूसरी बार स्वर्ण जीता । इंचियोन में 2014 के बाद हांगझोउ एशियाई खेलों में 2022 में भारतीय टीम ने स्वर्ण जीतकर ओलंपिक के लिये क्वालीफाई किया ।
 
तोक्यो ओलंपिक 1964 चैम्पियन भारतीय टीम के लिये पांच गोल करने वाले हरबिंदर ने भाषा को दिये इंटरव्यू में कहा ,‘‘ हमने दो साल पहले ही तोक्यो ओलंपिक में स्वर्ण जीता था और लिहाजा जोश काफी हाई था क्योंकि तोक्यो ओलंपिक के ही अधिकांश खिलाड़ी इस टीम में थे । हमने ठान लिया था कि एशियाई खेलों में भी पहला स्वर्ण जीतकर मानेंगे ।’’
 
तीन बार के ओलंपिक पदक विजेता 83 बरस के इस दिग्गज ने कहा ,‘‘शंकर लक्ष्मण की कप्तानी वाली हमारी टीम फाइनल में पहुंची थी और मुकाबला दो बार की चैम्पियन पाकिस्तान से था । मैच की शुरूआत रफ हुई थी और पहले पांच मिनट में ही पाकिस्तानी खिलाड़ी की स्टिक लगने से हमारे राइट विंग रेलवे के बलबीर सिंह चोटिल हो गए और उन्हें स्ट्रेचर पर बाहर जाना पड़ा ।’’
 
उन्होंने कहा ,‘‘ उस समय सब्स्टीट्यूशन का नियम नहीं था और लगभग पूरा मैच हमें दस खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा । पाकिस्तान की टीम काफी मजबूत थी और पूरे 70 मिनट गोलरहित रहा । अतिरिक्त समय में साढे सात मिनट के पहले हाफ में गोल नहीं हुआ ।’’