बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से ओडिशा में और बारिश की संभावना : आईएमडी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-07-2026
the impact of low pressure area formed in the Bay of Bengal: IMD
the impact of low pressure area formed in the Bay of Bengal: IMD

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बृहस्पतिवार को कहा कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से पुरी सहित ओडिशा के कई हिस्सों में अगले कुछ समय तक और बारिश होने का अनुमान है।

पुरी में लाखों श्रद्धालु वार्षिक रथ यात्रा में शामिल होने के लिए जुटे हैं। आईएमडी ने अपने बुलेटिन में बताया कि अगले 12 घंटों के दौरान कम दबाव का क्षेत्र और मजबूत हो सकता है तथा इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल में गंगा क्षेत्र से गुजरने की संभावना है।
 
मौसम विभाग ने बताया कि इसके प्रभाव से बृहस्पतिवार को मयूरभंज, क्योंझर, अंगुल, देवगढ़, संबलपुर, सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, पुरी, जगतसिंहपुर, खुर्दा, नयागढ़, कटक, ढेंकानाल, जाजपुर, बरगढ़, सोनपुर और बौध जिलों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
 
बुलेटिन के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों में कटक जिले के बांकी में सबसे अधिक 210 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। इस दौरान नौ अन्य स्थानों पर भी 115 से 210 मिमी के बीच बेहद भारी बारिश हुई।