CPI deserves the post of Deputy Leader of Opposition in Kerala Assembly: D. Raja
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी. राजा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उनकी पार्टी केरल विधानसभा में प्रतिपक्ष के उप नेता पद की हकदार है और इस मुद्दे पर अभी राज्य स्तर पर चर्चा जारी है।
केरल विधानसभा चुनाव में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की हार के बाद से भाकपा इस पद की मांग कर रही है लेकिन मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने अब तक इस मांग को स्वीकार नहीं किया है।
राजा ने नयी दिल्ली में इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि भाकपा यह पद इसलिए मांग रही है क्योंकि पार्टी एलडीएफ का एक महत्वपूर्ण घटक दल है और विपक्ष में अधिक सक्रिय भूमिका निभाना चाहती है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह हमारी पार्टी की जायज मांग है क्योंकि हमारी पार्टी एलडीएफ की एक महत्वपूर्ण सहयोगी है।’’
राजा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अब एलडीएफ विपक्ष में है और हमारी पार्टी प्रतिपक्ष के उप नेता का पद लेकर अधिक सक्रिय भूमिका निभाना चाहती है। इसी वजह से हमारी पार्टी यह मांग कर रही है। हालांकि, इस मुद्दे पर अभी राज्य स्तर पर चर्चा जारी है।’’
नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने एक बयान में कहा था कि उपनेता प्रतिपक्ष की नियुक्ति का मुद्दा ‘‘बंद अध्याय’’ है, जिसके कुछ दिनों बाद राजा ने यह टिप्पणी की। राजा ने माकपा की ओर से इस पद को देने में कथित तौर पर अनिच्छा जताए जाने के बारे में पूछे जाने पर कहा कि दोनों दलों के अपने-अपने विचार हैं और इस मुद्दे पर चर्चा जारी है।