आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में मंगलवार को पूजा-अर्चना की।
तिरुमला तिरुपति देवस्थानम् (टीटीडी) के अधिकारियों ने रेवंत रेड्डी का स्वागत किया और बाद में वे उन्हें दर्शन के लिए ले गए।
टीटीडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने आज तड़के भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन किए। टीटीडी अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और वे उन्हें दर्शन के लिए ले गए।’’
दर्शन के बाद पुजारियों ने उन्हें रंगनायकुला मंडपम में रेशमी वस्त्र भेंट किया और भगवान का ‘प्रसादम्’ प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने ये दर्शन वैकुंठ एकादशी (वैकुंठ द्वार दर्शन) के अवसर पर किए। टीटीडी के अनुसार इस अवसर पर ‘वैकुंठ द्वारम्’ खोला गया और यह 10 दिन बाद (आठ जनवरी, 2026) बंद कर दिया जाएगा। इस शुभ अवधि को छोड़कर ‘वैकुंठ द्वारम्’ पूरे वर्ष बंद रखा जाता है।
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री के राम मोहन नायडू, आंध्र प्रदेश की आदिवासी कल्याण मंत्री एस सविता, खदान मंत्री के. रविंद्र और अभिनेता चिरंजीवी सहित अन्य लोगों ने भी दर्शन किए।
टीटीडी तिरुपति स्थित श्री वेंकटेश्वर मंदिर का आधिकारिक संरक्षक निकाय है। तिरुपति को दुनिया का सबसे समृद्ध हिंदू तीर्थस्थल माना जाता है।