छात्र को ‘होमवर्क’ के रूप में इस्लामी निर्देश दिए जाने पर शिक्षक बर्खास्त

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-07-2026
Teacher fired for giving student Islamic instructions as 'homework'
Teacher fired for giving student Islamic instructions as 'homework'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 शहर के एक निजी स्कूल में एक हिंदू छात्र को ‘होमवर्क’ के रूप में कथित तौर पर इस्लामी निर्देश दिए जाने से उत्पन्न विवाद के बाद संबंधित शिक्षक को बर्खास्त कर दिया गया है।

बच्चे के परिजनों ने इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।
 
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने स्कूल शिक्षक द्वारा शैक्षणिक गतिविधि के तहत दिए गए निर्देशों पर बृहस्पतिवार को कड़ी आपत्ति जताई और संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
 
इस बीच, स्कूल प्रबंधन के एक अधिकारी ने बताया कि संबंधित शिक्षक को बर्खास्त कर दिया गया है।
 
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बच्चे के परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत की जांच की जा रही है और तदनुसार कार्रवाई की जाएगी।
 
मुद्दे पर बच्चे की एक रिश्तेदार और स्कूल अधिकारियों के बीच बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया।
 
घटना पर कड़ी आपत्ति जताते हुए केंद्रीय मंत्री कुमार ने मांग की कि स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
 
उन्होंने कहा, ‘‘इस घटना पर तथाकथित धर्मनिरपेक्ष संगठन चुप क्यों हैं?’’
 
केंद्रीय मंत्री ने 2028 में विधानसभा चुनाव के बाद तेलंगाना में भाजपा के सत्ता में आने का भरोसा जताते हुए कहा कि सभी हिंदू छात्रों के लिए माथे पर तिलक लगाना अनिवार्य कर दिया जाएगा।
 
विहिप नेता रविनुथला शशिधर ने संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उसकी मान्यता रद्द कर दी जानी चाहिए।