आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मदुरै जिले के उसिलमपट्टी के पास 11वीं कक्षा की छात्रा की मौत के मामले में एक सरकारी स्कूल की प्रधानाध्यापिका के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उसिलमपट्टी तालुक पुलिस ने शुरुआत में 25 अगस्त को संदिग्ध मौत का मामला दर्ज किया था। बाद में मृतका की मां ने प्रधानाध्यापिका विमलादेवी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने मामले में धाराएं बदल दीं।
पुलिस के अनुसार, थोट्टाप्पनाइकनूर की रहने वाली किशोरी ने हाल ही में पूचीपट्टी के एक सरकारी स्कूल में दाखिला लिया था। उसने जब स्कूल जाना बंद कर दिया तो स्कूल प्रबंधन ने उसके माता-पिता से उसका स्थानांतरण प्रमाणपत्र (टीसी) लेने और किसी दूसरे स्कूल में उसका दाखिला कराने को कहा।