Following the court order, action has been initiated to remove illegal constructions
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने सोमवार को जामा मस्जिद इलाके में अवैध निर्माण और अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई दिल्ली उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद की जा रही है। अदालत ने ऐतिहासिक मुगलकालीन स्मारक जामा मस्जिद के आसपास अवैध निर्माण और अतिक्रमण का सर्वेक्षण कर उन्हें हटाने के निर्देश दिए थे।
एमसीडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नगर निगम ने सोमवार सुबह से ही जामा मस्जिद और उसके आसपास सार्वजनिक स्थानों तथा पार्क से अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘सार्वजनिक जगहों और उद्यानों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। स्मारक के आसपास यह कार्रवाई की जा रही है।’’
एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इलाके के कम से कम तीन पार्क को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा रहा है।