Tamil Nadu Governor, Chief Minister and leaders of various parties extend Ganesh Chaturthi greetings
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने विनायक चतुर्थी के पावन अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह त्योहार लोगों के बीच एकता और सद्भाव को मजबूत करेगा तथा उन्हें समृद्ध एवं प्रगतिशील तमिलनाडु और विकसित भारत के निर्माण के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा देगा।
आर्लेकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने संदेश में कहा, ‘‘विघ्नहर्ता और बुद्धि एवं समृद्धि के प्रतीक भगवान विनायक हम सभी को ज्ञान, शांति, अच्छे स्वास्थ्य और सफलता का आशीर्वाद दें। यह पावन पर्व हमारी एकता को मजबूत करे और सद्भाव बढ़ाए तथा हमें समृद्ध एवं प्रगतिशील तमिलनाडु और विकसित भारत के निर्माण के लिए मिलकर काम करने की प्रेरणा दे।’’
मुख्यमंत्री विजय ने अपने संदेश में लोगों की आकांक्षाएं पूरी होने और उनके सभी प्रयास सफल होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस पावन दिन शुरू किए गए सभी अच्छे कार्य भगवान विनायक की कृपा से सफलतापूर्वक पूरे हों, नयी उम्मीदें जगें और हर परिवार में खुशी, शांति तथा समृद्धि बनी रहे।’’