Supply chain not expected to be affected by ongoing conflict in West Asia: Tata Group Chairman
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
टाटा समूह के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने मंगलवार को उम्मीद जतायी कि ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच जारी संघर्ष का आपूर्ति श्रृंखला पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि समूह ने पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से उत्पन्न होने वाले जोखिमों को कम करने की योजना बनाई है।
चंद्रशेखरन ने पश्चिम एशिया में कार्यरत टाटा समूह की कंपनियों के कर्मचारियों की सुरक्षा का भी जिक्र किया।
उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर काफी अनिश्चितता की स्थिति है। पिछला साल भी काफी कठिन रहा। मुझे लगता है कि हालात जल्द ही सामान्य हो जाएंगे और मुझे उम्मीद है कि आपूर्ति श्रृंखला में कोई समस्या नहीं आएगी।’’
चंद्रशेखरन ने कहा, ‘‘भू-राजनीतिक स्थिति में अनिश्चितता को देखते हुए, हमने न केवल टाटा समूह बल्कि देश के लिए भी मौजूदा स्थिति से उत्पन्न होने वाले जोखिमों को कम करने की योजना बनाई है।’’
चंद्रशेखरन यहां टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा और टाटा स्टील के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और प्रबंध निदेशक टी वी नरेंद्रन तथा समूह की विभिन्न कंपनियों के प्रमुखों के साथ टाटा स्टील के संस्थापक जमशेदजी नुसरवानजी टाटा की 187वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए यहां उपस्थित थे।