आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ओडिशा सरकार ने संघर्षरत पश्चिम एशिया में फंसे राज्य के लोगों की सुरक्षा की निगरानी के लिए एक समर्पित कार्यसमूह का गठन किया है।
अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि यह निर्णय सोमवार को मुख्य सचिव अनु गर्ग की अध्यक्षता में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया।
मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को स्थिति पर कड़ी नजर रखने और आवश्यकतानुसार जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार रहने का निर्देश दिया।
एक बयान में कहा गया है, ‘‘इस संदर्भ में ओडिशा सरकार ने ओडिशा परिवार निदेशालय, गृह विभाग, राज्य श्रम निदेशालय और विदेश मंत्रालय के अधीन प्रवासी संरक्षक कार्यालय के समन्वय से एक कार्यसमूह का गठन किया है।’’
ओडिशा परिवार निदेशालय में विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) प्रीतीश पांडा को उड़िया प्रवासी समुदाय के साथ समन्वय के लिए एकल संपर्क सूत्र नियुक्त किया गया है।