Solar Industries to acquire South Africa's Omnia Holdings for around Rs 13,000 crore
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया लिमिटेड ने विस्फोटक एवं ‘ब्लास्टिंग’ समाधान क्षेत्र में अग्रणी बनने की दिशा में कदम आगे बढ़ाते हुए दक्षिण अफ्रीका की ओम्निया होल्डिंग्स लिमिटेड का करीब 13,000 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करने की घोषणा की है।
नागपुर स्थित यह सौर समूह औद्योगिक विस्फोटक और विस्फोट शुरू करने वाली प्रणालियों का विनिर्माण करता है। यह खनन, बुनियादी ढांचे, निर्माण, रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्रों की कंपनियों को सेवाएं देता है। समूह की दक्षिण अफ्रीकी बाजार में भी मौजूदगी है।
ओम्निया होल्डिंग्स एक विविध कारोबार वाला वैश्विक समूह है जो खनन, कृषि एवं रसायन क्षेत्रों के ग्राहकों को रसायन और विशेष कारोबार क्षेत्रों से जुड़ी सेवाएं उपलब्ध कराता है।
सोलर इंडस्ट्रीज इंडिया ने सोमवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसकी अनुषंगी कंपनी सोलर एसए इन्वेस्टमेंट्स प्रोपराइटरी लिमिटेड और ओम्निया होल्डिंग्स ने इस सौदे के लिए अंतिम समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं।
समझौते के अनुसार, ‘‘सोलर एसए इन्वेस्टमेंट्स प्रोपराइटरी, ओम्निया के सभी बकाया शेयर का करीब 1.35 अरब अमेरिकी डॉलर (12,951 करोड़ रुपये) के पूर्ण नकद सौदे में अधिग्रहण करेगी।’’