प्रधानमंत्री साहस दिखाएं, "यूपीआई टैक्स" वापस लें: राहुल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-09-2026
Show courage, withdraw UPI tax: Rahul
Show courage, withdraw UPI tax: Rahul

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने यूपीआई लेनदेन पर शुल्क की व्यवस्था को लेकर बुधवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सामने पूरी तरह झुक गए हैं।
 
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को यूपीआई लेनदेन पर लगाए गए शुल्क को वापस लेना चाहिए।
 
गांधी ने 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट कर प्रधानमंत्री मोदी से अमेरिका के सामने ‘‘झुकना बंद करने, साहस दिखाने, डटकर खड़े होने और ‘‘यूपीआई टैक्स’’ वापस लेने का आग्रह किया।
 
सरकार ने मंगलवार को, 15 अक्टूबर से व्यापारियों को किए जाने वाले 2,000 रुपये से अधिक के यूपीआई भुगतान पर 0.4 प्रतिशत शुल्क लगाए जाने की घोषणा की। हालांकि, आम लोगों के बीच होने वाले लेनदेन और छोटी रकम के भुगतान को किसी भी शुल्क से अलग रखा गया है।
 
गांधी ने वीडियो में कहा, ‘‘एक बार (पूर्व प्रधानमंत्री) इंदिरा गांधी जी से पूछा गया था कि वह बाईं ओर झुकाव रखती हैं या दाईं ओर। उनका जवाब था कि मैं न बाईं ओर झुकाव रखती हूं, न दाईं ओर, मैं सीधे खड़ी रहती हूं। मोदी जी की अवधारणा बिल्कुल अलग है। वह न बाईं ओर हैं, न दाईं ओर, उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के सामने झुकने का फैसला किया है।’’