एआई वाले नृत्य वीडियो का आनंद लिया, उसे हटाने की मांग कभी नहीं की: सतीशन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 16-09-2026
Enjoyed the AI ​​dance video, never asked for its removal: Satheesan
Enjoyed the AI ​​dance video, never asked for its removal: Satheesan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केरलम के मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने बुधवार को स्पष्ट किया कि उन्होंने या उनके कार्यालय ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से तैयार उस वीडियो को सोशल मीडिया से हटाने के लिए कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, जिसमें उन्हें राज्य बिजली बोर्ड (केएसईबी) के कर्मचारियों के साथ नाचते हुए दिखाया गया था।

यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए सतीशन ने कहा कि पुलिस ने उन्हें सूचना दी थी कि सूचना प्रौद्योगिकी नियमों के तहत इस वीडियो के खिलाफ शिकायतें मिली हैं और इसे हटाने की मांग की गई है।
 
सतीशन ने कहा, "न तो मैंने और न ही मेरे कार्यालय ने इस वीडियो को हटाने या शिकायत दर्ज कराने का कोई अनुरोध किया है। मैंने सार्वजनिक रूप से कहा था कि मुझे यह वीडियो पसंद आया। मुझे तो पता ही नहीं था कि मैं इतना अच्छा नाच सकता हूं। मुझे इस बात का दुख है कि अब मैं इसे देख नहीं पा रहा हूं, खासकर तब जब मैं सफर कर रहा होता हूं।"
 
मुख्यमंत्री सोशल मीडिया पर खूब प्रसारित हुए इस एआई वीडियो पर फेसबुक और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा द्वारा भारत में रोक लगाने के कदम का जिक्र कर रहे थे। इस वीडियो में राज्य के हालिया बिजली संकट के बीच सतीशन को केरलम राज्य विद्युत बोर्ड (केएसईबी) के अधिकारियों के साथ नाचते हुए दिखाया गया था।