कश्मीर में भीषण ठंड का प्रकोप जारी, घाटी में रात का तापमान शून्य डिग्री से नीचे गिरा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-01-2026
Severe cold continues to grip Kashmir, night temperatures drop below zero degrees in the valley
Severe cold continues to grip Kashmir, night temperatures drop below zero degrees in the valley

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
कश्मीर में तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे गिरने के कारण श्रीनगर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई, जिससे शुक्रवार को स्थानीय डल झील के कुछ हिस्से जम गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर में बृहस्पतिवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात के तापमान (शून्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस नीचे) से कम था।
 
उन्होंने बताया कि शहर में बृहस्पतिवार रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे रहने के साथ ही यह इस मौसम की अब तक की सबसे ठंडी रात रही।
 
उन्होंने बताया कि इस कड़ाके की ठंड के कारण डल झील के आंतरिक हिस्सों सहित कई जलाशयों के हिस्से जम गए।
 
वहीं, दक्षिण कश्मीर का पर्यटन स्थल पहलगाम केंद्रशासित प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, हालांकि यह पिछली रात की तुलना में एक डिग्री सेल्सियस अधिक था।
 
उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में रात का तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात की तुलना में दो डिग्री सेल्सियस अधिक था।
 
मध्य कश्मीर के गांदेरबल जिले में स्थित पर्यटक स्थल सोनमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
 
अधिकारियों ने बताया कि घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो इस मौसम का अब तक का सबसे कम तापमान है।