आठ जनवरी : फिल्म निर्देशक बिमल रॉय का निधन, स्टीफन हॉकिंग का जन्म

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-01-2026
January 8: Film director Bimal Roy dies, Stephen Hawking is born
January 8: Film director Bimal Roy dies, Stephen Hawking is born

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
जन्म और मृत्यु का चक्र हमेशा चलता रहता है। साल का हर दिन किसी की जन्मतिथि तो किसी की पुण्यतिथि के रूप में इतिहास में दर्ज है। आठ जनवरी का दिन हिंदी सिनेमा के कालजयी फिल्मकार बिमल रॉय के निधन और ब्रिटेन के महान भौतिक विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग के जन्मदिन का साक्षी है।
 
भारतीय सिनेमा की बेहतरीन फिल्मों की जब बात की जाती है, तो 'दो बीघा जमीन', 'सुजाता', 'बंदिनी' और 'परिणीता' फिल्म का जिक्र जरूर आता है। इन फिल्मों के निर्देशक बिमल रॉय थे, जिनकी बनाई फिल्में आज भी दर्शकों को बांध लेती हैं। इस प्रतिभाशाली फिल्मकार का साथ भारतीय सिनेमा को लंबे समय तक नहीं मिल सका। कैंसर की वजह से आठ जनवरी 1966 में 56 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया।
 
आठ जनवरी 1942 को ब्रिटिश भौतिक विज्ञानी स्टीफन विलियम हॉकिंग का जन्म हुआ। गंभीर शारीरिक विकार के बावजूद उन्होंने अंतरिक्ष के बहुत से रहस्यों से पर्दा उठाया। असाधारण प्रतिभा के धनी हॉकिंग को ब्लैक होल और बिग बैंग सिद्वांत को प्रतिपादित करने का श्रेय हासिल है। उनका जीवन कभी हार न मानने वाले हौसले और अदम्य इच्छाशक्ति की मिसाल है।
 
खिलाड़ी और कोच दोनों के रूप में जर्मनी के लिए विश्व कप जीतने वाले महान फुटबॉल खिलाड़ी फ्रांज बेकेनबाउर का आठ जनवरी 2024 को 78 साल की उम्र में निधन हो गया। बेकेनबाउर ने 1974 में टीम की अगुवाई करते हुए पश्चिम जर्मनी को विश्व चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया था।
 
उन्होंने अर्जेंटीना के खिलाफ 1990 में विश्व कप फाइनल जीतने वाली राष्ट्रीय टीम को भी कोचिंग दी थी।
 
देश दुनिया के इतिहास में आठ जनवरी की तारीख पर दर्ज अन्य महत्वपूर्ण घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
 
 
1790 : अमेरिका के प्रथम राष्ट्रपति जॉर्ज वॉशिंगटन ने पहली बार देश को संबोधित किया ।
 
1884 : प्रसिद्ध समाज सुधारक केशव चंद्र सेन का जन्म ।
 
1929 : भारतीय अभिनेता सईद जाफ़री का मालेरकोटला में जन्म
 
1929 : नीदरलैंड्स और वेस्टइंडीज के बीच पहला टेलीफोन संपर्क स्थापित ।
 
1942 : प्रसिद्ध ब्रिटिश भौतिक विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग का जन्म ।
 
1952 : जॉर्डन ने संविधान अंगीकार किया ।
 
1966 : फिल्म निर्देशक बिमल रॉय का निधन ।
 
1995 : समाजवादी चिंतक, स्वतंत्रता सेनानी मधु लिमये का निधन।
 
2001 : आइवरी कोस्ट में विद्रोह विफल ।
 
2003 : श्रीलंका सरकार और लिट्टे के बीच नकोर्न पथोम (थाइलैंड) में वार्ता शुरू ।
 
2009 : कोस्टा रिका के उत्तरी क्षेत्र में 6.1 तीव्रता के भूकंप में 15 लोगों की मौत एवं 32 अन्य घायल हुए।
 
2019 : मेक्सिको सिटी में हुई गोलीबारी में सात लोगों की मौत।
 
2020 : यूक्रेन इंटरनेशनल एयरलाइंस का विमान ईरान की राजधानी तेहरान के इमाम खुमेनी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ, 176 यात्रियों की मौत।
 
2022 : चीन के वुलोंग जिले में एक कैंटीन में हुए विस्फोट में भोजन कर रहे 16 लोगों की मौत, 10 अन्य घायल। इसी दिन पाकिस्तान के मुर्री शहर में भारी हिमपात के कारण वाहनों में फंसने से नौ बच्चों सहित 22 लोगों की मौत।
 
2023 : ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोलसोनारो के समर्थकों ने संसद पर धावा बोला।
 
2024 : जर्मनी के लिए खिलाड़ी और कोच दोनों के तौर पर विश्व कप जीतने वाले फ्रांज बेकेनबाउर का निधन।
 
2025 : वरिष्ठ पत्रकार, कवि और फिल्मकार प्रीतीश नंदी का मुंबई में 73 साल की उम्र में निधन। उनकी, प्रीतीश नंदी कम्युनिकेशंस कंपनी ने ‘सुर’, ‘कांटे’, ‘झंकार बीट्स’, ‘चमेली’ जैसी फिल्में बनाईं और वेब सीरीज ‘फोर मोर शॉट्स प्लीज’ का भी निर्माण किया।। इसी दिन नाइजीरिया के उत्तरपूर्व बोर्नो प्रांत में हुई झड़प में छह सैनिक और 34 इस्लामी चरमपंथी मारे गए।