सपा के शासनकाल में छात्रवृत्ति में होती थी सेंधमारी: मुख्यमंत्री योगी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-10-2026
Scholarships were pilfered during the SP regime: Chief Minister Yogi
Scholarships were pilfered during the SP regime: Chief Minister Yogi

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार पर निशाना साधते हुए शनिवार को कहा कि वर्ष 2016-17 में अनुसूचित जाति-जनजाति के विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति भेजी ही नहीं गई और तत्कालीन सरकार ने यह राशि हड़प ली।
 
योगी ने कहा कि वर्ष 2017 में भाजपा की सरकार बनने के बाद 2016-17 और 2017-18 की छात्रवृत्ति एक साथ भेजी गई।
 
उन्होंने कहा, “पहले केवल 2,900 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती थी। आज हमारी सरकार 6,200 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति देती है।”
 
मुख्यमंत्री ने शनिवार को लोकभवन में चालू वित्त वर्ष के लिए पूर्वदशम (कक्षा नौ-दस) तथा दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि हस्तांतरित की।
 
उन्होंने 11 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रमाण पत्र भी सौंपे।