Sanjay Raut's jibe: BJP continues the tradition of giving power to corrupt people
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नेता संजय राउत ने शुभेंदु अधिकारी द्वारा पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लिये जाने को लेकर भाजपा पर तंज कसते हुए शनिवार को कहा कि केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी भ्रष्ट लोगों को सत्ता देने की अपनी परंपरा कायम रखे हुए है।
भाजपा ने हालांकि राज्यसभा सदस्य राउत पर पलटवार करते हुए कहा कि शुभेंदु के खिलाफ आरोप साबित नहीं हुए हैं, जबकि खुद शिवसेना(उबाठा) नेता एक मामले में जेल जा चुके हैं।
राउत ने संवाददाताओं से कहा कि 2020 में हुए एक ‘स्टिंग ऑपरेशन’ में शुभेंदु समेत तृणमूल कांग्रेस के पांच सांसदों को पैसे लेते हुए देखा गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुभेंदु के यहां छापेमारी की। उस समय वह तृणमूल में थे। बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए और अब मुख्यमंत्री बन गए हैं।’’
राउत ने कहा कि शुभेंदु पर लगा दाग अभी तक धुला नहीं है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, ‘‘भाजपा ने भ्रष्ट लोगों को सत्ता देने की अपनी परंपरा कायम रखी है। इस निरंतरता के लिए उसकी सराहना की जानी चाहिए।’’
शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।
हाल ही में पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए 293 सीट पर हुए चुनाव में भाजपा ने 207 सीट पर जीत दर्ज की है। इसी के साथ तृणमूल के 15 साल के शासन का अंत हो गया। पश्चिम बंगाल में आजादी के बाद पहली बार भाजपा की सरकार बनी है।
राउत के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने कहा कि शुभेंदु के खिलाफ आरोप साबित नहीं हुए हैं, जबकि राउत पहले ही जेल जा चुके हैं।