दमदार सनराइजर्स के खिलाफ रॉयल्स को सूर्यवंशी और आर्चर पर भरोसा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 26-05-2026
Royals rely on Suryavanshi and Archer against a formidable Sunrisers Hyderabad
Royals rely on Suryavanshi and Archer against a formidable Sunrisers Hyderabad

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 
 
 
 अपने विस्फोटक बल्लेबाजों की मौजूदगी से बेहद मजबूत नजर आ रही सनराइजर्स हैदराबाद की टीम बुधवार को यहां जब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के एलिमिनेटर में राजस्थान रॉयल्स से भिड़ेगी की तो उसे 15 वर्ष के वैभव सूर्यवंशी और तेज तर्रार गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से सावधान रहना होगा।
 
सनराइजर्स की टूर्नामेंट की शुरुआत बहुत अच्छी नहीं रही थी लेकिन उसने दूसरे चरण में लय हासिल कर ली। नियमित कप्तान पैट कमिंस के आने से भी टीम को काफी फायदा हुआ, क्योंकि उसने अपने इन आखिरी सात मैचों में से पांच में जीत हासिल की।
 
सनराइजर्स ने लीग चरण में राजस्थान रॉयल्स को दो बार हराया था और इस तरह से कमिंस और उनकी टीम को बहुत अधिक दबाव वाले नॉकआउट मुकाबले में मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल होगी।
 
रॉयल्स के कप्तान रियाग पराग ने खुद स्वीकार किया कि उनकी टीम को लीग चरण के आखिरी दिन तक इंतजार करने से बहुत पहले ही क्वालीफाई कर लेना चाहिए था, लेकिन अब जबकि टीम वहां पहुंच गई है तब वह आगे बढ़ने के लिए बेताब होगी।
 
रॉयल्स के शीर्ष क्रम में सूर्यवंशी (583 रन), यशस्वी जायसवाल (397) और ध्रुव जुरेल (458) ने सर्वाधिक रन बनाए हैं।
 
सनराइजर्स की तरफ से भी शीर्ष क्रम के तीन बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा (563 रन), ट्रैविस हेड (393) और ईशान किशन (569) ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। लेकिन नंबर चार पर बल्लेबाजी करने वाले हेनरिक क्लासेन (606) का विशेष रूप से उल्लेख करना जरूरी है, क्योंकि उन्होंने अब तक शानदार बल्लेबाजी की है।
 
दोनों टीमों के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों की विस्फोटक क्षमता के बावजूद जायसवाल और हेड के प्रदर्शन में उतनी निरंतरता नहीं रही है जितना वे चाहते थे।
 
सनराइजर्स यकीनन टूर्नामेंट की सबसे आक्रामक टीम है और इसलिए यह कोई हैरानी की बात नहीं थी कि रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा से विपक्षी टीम के शीर्ष चार बल्लेबाजों से निपटने की उनकी रणनीति के बारे में पूछा गया।