आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से 306 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के मुताबिक, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया आठ अक्टूबर से शुरू होगी और 31 अक्टूबर तक जारी रहेगी।
आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘कुल पदों में से 200 पद गैर-शैक्षणिक विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों के लिए और 106 पद विशेषज्ञ चिकित्सा अधिकारियों के लिए हैं। इन विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती राज्य के विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में की जाएगी।’’
ये नियुक्तियां स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग और राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत की जाएंगी।
बयान के अनुसार, 200 गैर-शैक्षणिक पदों में एनस्थीसिया, त्वचा रोग, ईएनटी (कान, नाक, गला), फॉरेंसिक विज्ञान, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र रोग, अस्थि रोग, बाल रोग, पैथोलॉजी, जनरल मेडिसिन, मनोचिकित्सा, रेडियोलॉजी और सर्जरी विशेषज्ञ शामिल हैं।