कुमकुम ने महिला रिकर्व तीरंदाजी में ऐतिहासिक स्वर्ण जीता , ओलंपिक कोटा भी हासिल किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 03-10-2026
Kumkum wins historic gold in women's recurve archery, also secures Olympic quota
Kumkum wins historic gold in women's recurve archery, also secures Olympic quota

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
सत्रह वर्ष की कुमकुम मोहाद ने दबाव में संयम के साथ खेलते हुए कोरिया की ओ येजिन को शूटआउट में हराकर एशियाई खेलों की महिला व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी स्पर्धा में भारत को पहला स्वर्ण पदक दिलाया।
 
कुमकुम एशियाई खेलों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला तीरंदाज बन गई ।स्कोर 5 . 5 से बराबर रहने के बाद कुमकुम ने शूटआउट में 10 स्कोर किया जबकि येजिन आठ ही स्कोर कर सकी ।
 
जीत के बाद जब तिरंगा लहराया और राष्ट्रगान बजा तो कुमकुम की आंखों में आंसू छलक गए ।
 
उन्होंने कहा ,‘‘ मुझे खुद पर भरोसा था । टीम ने सकारात्मक सोच के साथ मेरा साथ दिया । जब मैने पहली बार स्वर्ण पदक जीता (महिला टीम वर्ग) तो मैंने कुछ और नहीं सोचा था । मैं सिर्फ जीतना चाहती थी । मेरा लक्ष्य स्वर्ण पदक जीतना ही था ।’’
 
इससे पहले चीन की जिंगयी झू को हराकर फाइनल में पहुंचने के साथ कुमकुम ने लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 के दो कोटा स्थानों में से एक हासिल कर लिया । यह कोटा देश को मिलता है लेकिन भारत को अभी टीम कोटा हासिल करना है ।
 
तरूणदीप राय ने 2010 ग्वांग्झू खेलों में रजत पदक जीता था और वह एशियाई खेलों में रिकर्व तीरंदाजी में व्यक्तिगत प़दक जीतने वाले अन्य भारतीय खिलाड़ी हैं ।