Raut demands Shah to order ED probe into allegations of 'Rs 500 crore payment' to Jarange
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिवसेना (उबाठा) के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र लिखकर मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे को ‘‘500 करोड़ रुपये’’ के भुगतान के आरोपों की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) से जांच कराने की मांग की।
राउत ने पत्र में कहा कि जरांगे द्वारा एक ऑडियो क्लिप के रूप में किए गए खुलासे कई मायनों में बेहद गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि, सबसे चौंकाने वाला और गंभीर पहलू 500 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि से जुड़ा है।
पिछले सप्ताह जरांगे ने एक ऑडियो क्लिप जारी की थी, जिसमें कथित तौर पर हुई बातचीत में दावा किया गया था कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के माध्यम से उन्हें 500 करोड़ रुपये पहुंचाये गए हैं।
जरांगे ने कोई भी पैसा लेने से इनकार करते हुए दावा किया कि किसानों और आम नागरिकों के मुद्दे उठाने के कारण उनके खिलाफ साजिश रची गई है।
एकनाथ शिंदे और श्रीकांत शिंदे ने भी उनके माध्यम से जरांगे को पैसे दिए जाने के आरोपों को खारिज किया है।