Rajya Sabha congratulates Indian athletes who won medals at the Commonwealth Games
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
ग्लासगो में संपन्न 23वें राष्ट्रमंडल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पदक हासिल करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को सोमवार को राज्यसभा में बधाई दी गई।
उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति सी पी राधाकृष्णन ने ग्लासगो में संपन्न 23वें राष्ट्रमंडल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए भारतीय दल को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियों ने देश को गौरवान्वित किया है।
सभापति ने कहा कि राष्ट्रमंडल खेलों की पदक तालिका में भारत ने प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया। भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 39 पदक जीते, जिनमें 13 स्वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्य पदक शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पैरा खिलाड़ियों ने भी इतिहास रचते हुए राष्ट्रमंडल पैरा खेलों में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और सात पदक हासिल किए, जिनमें तीन स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यह उल्लेखनीय उपलब्धि देश के लिए अपार गर्व और सम्मान का विषय है तथा भारतीय खिलाड़ियों की लगातार बढ़ती उत्कृष्टता को दर्शाती है।