राजनाथ की पाकिस्तान को कड़ी चेतावनी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-05-2026
Rajnath Singh's stern warning to Pakistan
Rajnath Singh's stern warning to Pakistan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को पड़ोसी देश पाकिस्तान को आगाह करते हुए कहा कि यदि उसने फिर से भारत के ऊपर नजर उठाने की जुर्रत करने की कोशिश की ‘‘तो जो अब तक नहीं हुआ है वह होकर रहेगा।’’
 
सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने दुनिया को साफ संदेश दे दिया है कि हम आतंकवाद को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि भारतीय सेनाओं के ‘आपरेशन सिंदूर’ ने नया इतिहास बनाया है।
 
रक्षामंत्री नागौर के मेड़ता कस्बे में राजपूत शासक राव दूदा की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा,‘‘शायद पाकिस्तान फिर से भारत की ओर नजर उठाने की जुर्रत ना करे और आज आपको इस धरती से बतलाकर जा रहा हूं कि यदि पाकिस्तान ने फिर से भारत के ऊपर नजर उठाने की जुर्रत करने की कोशिश की तो जो अब तक नहीं हुआ है वह होकर रहेगा।’’
 
उन्होंने कहा,‘‘प्रारम्भ से ही हमारी नीति रही है... हम किसी को छेड़ते नहीं है लेकिन हमको यदि कोई छेड़ता है तो हम छोड़ते भी नहीं हैं।’’
 
पहलगाम आतंकी हमले का ज़िक्र करते हुए उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर मारा। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी भारतीय संस्कृति कहती है कि जाति या धर्म मजहब के आधार पर कोई विभाजन नहीं होना चाहिए। हम इंसाफ और इनसानियत में विश्वास रखते हैं। लेकिन पाकिस्तान के आतंकवादी आकर, लोगों से उनका धर्म पूछकर उन्हें गोलियों से भून रहे थे।’’
 
सिंह ने कहा, ‘‘पूरा देश इस घटना से आक्रोशित था। उसके बाद हमने ऐसा करारा जवाब दिया कि दुश्मन के होश ही उड़ गए। हमने यह साबित कर दिया कि अब भारत चुपचाप सहने वाला देश नहीं रहा है। अब अगर कोई हमारे नागरिकों पर हमला करेगा, तो अब हम उसके घर में घुसकर जवाब देंगे। यह संदेश हमने दे दिया।’’