आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को बारिश होने से उमस भरे मौसम से राहत मिली। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले कुछ घंटों में शहर के कई हिस्सों में गरज के साथ वर्षा होने का अनुमान जताया है।
वसंत कुंज, मालवीय नगर, पालम, कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया, ग्रेटर कैलाश, लक्ष्मी नगर और द्वारका सहित अन्य इलाकों में बारिश हुई।
मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम जिले को छोड़कर दिल्ली के सभी हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें हल्की से मध्यम बारिश और 40 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाओं के साथ गरज के साथ वर्षा होने का पूर्वानुमान जताया गया है। साथ ही, अगले कुछ घंटों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की भी संभावना है।
दिल्ली के क्षेत्रीय मौसम केंद्र के अनुसार, सुबह 8.30 बजे से पूर्वाह्न 11.30 बजे के बीच छतरपुर में सबसे अधिक 18.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, वहीं जनकपुरी में दो मिमी बारिश हुई।
इस दौरान लोधी रोड, अयानगर, पालम और रिज क्षेत्र में बहुत कम या बिल्कुल भी बारिश नहीं हुई।
मंगलवार को सुबह 8:30 बजे से बुधवार सुबह 8:30 बजे के बीच कुल बारिश पालम में सबसे अधिक 64.2 मिमी दर्ज की गई। नारायणा में 30.5 मिमी, छतरपुर में 16.5 मिमी, जनकपुरी में 11 मिमी, पुष्प विहार में 3 मिमी और अयानगर में 1.9 मिमी बारिश हुई।