आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जनता दल (यूनाइटेड) ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और अन्य विपक्षी नेताओं पर उच्चतम न्यायालय तक मार्च के जरिए राजनीतिक लाभ लेने का मंगलवार को आरोप लगाया और कहा कि उन्होंने जो मुद्दे उठाए हैं, वे पहले से ही शीर्ष अदालत में लंबित हैं।
‘‘वोट चोरी’’ के आरोपों को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शन के उच्चतम न्यायालय तक पहुंचने के बाद उनका यह बयान आया है।
विपक्ष के नेताओं ने कार्यकर्ताओं और नागरिक संस्थाओं के सदस्यों के साथ मिलकर राष्ट्रीय राजधानी में अपनी ताकत का प्रदर्शन करते हुए, बैरिकेडिंग वाले मार्ग पर ‘‘लोकतंत्र के लिए मार्च’’ निकाला। उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) तथा चुनाव में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ शीर्ष अदालत में संयुक्त रूप से एक याचिका दायर की।
जद(यू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि विपक्ष को उन मामलों पर ‘‘राजनीतिक फायदा’’ उठाने की कोशिश करने के बजाय न्यायिक प्रक्रिया का पालन करना चाहिए, जिन पर उच्चतम न्यायालय पहले से ही विचार कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) ने कहा है कि जिन मुद्दों पर वे उनसे मिलना चाहते थे, उन्हें पहले ही शीर्ष अदालत में दायर याचिकाओं में उठाया जा चुका है। न्यायालय में लंबित कई याचिकाओं में भी इन मामलों का जिक्र है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप राजनीतिक फायदा उठाने के लिए भ्रम पैदा कर रहे हैं।’’