लखनऊ अग्निकांड वाली इमारत गिराने की प्रक्रिया शुरू

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-06-2026
Process to demolish Lucknow fire-hit building begins
Process to demolish Lucknow fire-hit building begins

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अलीगंज की उस अवैध व्यावसायिक इमारत को गिराने का नोटिस जारी किया है, जिसमें आग लगने से 15 लोगों की मौत हो गई थी। एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने यह जानकारी दी।
 
एलडीए ने इस रिहायशी इमारत को व्यावसायिक तौर पर गैर-कानूनी तरीके से चलाने के मामले में अपने ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
 
अधिकारियों के मुताबिक, तीन मंजिला इस इमारत को 2016 में गैर-कानूनी निर्माण के कारण गिराने का आदेश दिया गया था, लेकिन दो महीने से भी कम समय में उस आदेश को वापस ले लिया गया था।
 
एलडीए के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने पीटीआई-भाषा को बताया, "हमने अलीगंज की उस इमारत को (निर्माण संबंधी) नियमों के उल्लंघन को लेकर एक बार फिर गिराने का नोटिस जारी किया है, जहां सोमवार को आग लगी थी।"
 
कुमार ने कहा, "हमने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी जांच शुरू कर दी है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"
 
उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारियों की पहचान करने और इतने सालों में उनकी भूमिका व जिम्मेदारियों का पता लगाने की प्रक्रिया चल रही है।
 
अधिकारियों के मुताबिक, सोमवार दोपहर अलीगंज की तीन मंजिला बिल्डिंग में आग लग गई, जिसमें एक एनिमेशन सेंटर भी था। हादसे में 15 लोगों की मौत हुई, जिनमें ज्यादातर छात्र थे। हादसे में नौ अन्य लोग घायल हुए।