नयी दिल्ली
दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को गहरा दुख व्यक्त किया और कहा कि धर्मेंद्र के जाने से भारतीय सिनेमा का एक स्वर्णिम अध्याय समाप्त हो गया।
धर्मेंद्र का सोमवार सुबह मुंबई स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे।राष्ट्रपति मुर्मू ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि धर्मेंद्र का निधन भारतीय सिनेमा के लिए ‘‘एक बड़ी क्षति’’ है। उन्होंने कहा कि दशकों लंबे करियर में धर्मेंद्र ने ऐसी विरासत छोड़ी है जो ‘‘युवा कलाकारों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत’’ बनी रहेगी।
उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि धर्मेंद्र ने अपने समर्पण और प्रतिभा से सिनेमा को समृद्ध किया और ‘‘उनकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी’’।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक संदेश में कहा, “धर्मेंद्र जी का निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है। उन्होंने हर भूमिका को गहराई और आत्मीयता से जिया।” मोदी ने उनकी सादगी, विनम्रता और गर्मजोशी को भी याद किया और परिवार व प्रशंसकों के प्रति संवेदना जताई।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि धर्मेंद्र ने अपने अभिनय से ‘‘करोड़ों लोगों का दिल जीता’’ और वे अपने काम के कारण ‘‘हमेशा हमारे बीच रहेंगे’’। उन्होंने लिखा कि धर्मेंद्र ने जिस भी किरदार को निभाया, उसे ‘‘अमिट और जीवंत’’ बना दिया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने धर्मेंद्र को ‘‘भारतीय कला जगत की अपूरणीय क्षति’’ बताते हुए कहा कि लगभग सात दशकों का उनका योगदान ‘‘सदैव सम्मान और मोहब्बत के साथ याद’’ किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि देश ने ‘‘एक बहुमूल्य सितारा खो दिया’’ और धर्मेंद्र की सादगी और अभिनय ने ‘‘दर्शकों पर स्थायी छाप छोड़ी’’। उन्होंने उनके निधन को ‘‘एक युग का अंत’’ बताया।
भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने लिखा कि धर्मेंद्र ने अपनी ‘‘जीवंत और प्रभावशाली’’ अदाकारी से विश्वभर के दर्शकों के दिलों पर राज किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को शक्ति की प्रार्थना की। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि धर्मेंद्र का योगदान ‘‘पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा’’ और हेमा मालिनी व उनके बच्चों को सांत्वना देते हुए कहा कि यह विरासत आगे भी सहेजी जाएगी।
ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई अन्य नेताओं ने भी धर्मेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया।धर्मेंद्र भले ही इस दुनिया से जा चुके हों, लेकिन उनके चाहने वालों और भारतीय सिनेमा में उनकी छाप हमेशा अमर रहेगी।