President Murmu will lay the foundation stone of a spiritual centre in Jamshedpur, Jharkhand on Thursday.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को झारखंड के जमशेदपुर के कदमा इलाके में श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट की आधारशिला रखेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुर्मू दोपहर करीब 12 बजे जमशेदपुर पहुंच सकती हैं और पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
इस मौके पर मुर्मू के साथ झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान मंच साझा कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि अपने संक्षिप्त प्रवास के दौरान मुर्मू बारीडीह में टाटा मणिपाल मेडिकल कॉलेज के छात्रों से भी बातचीत करेंगी।
श्री जगन्नाथ स्पिरिचुअल एंड कल्चरल चैरिटेबल सेंटर ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी और उद्योगपति एस के बेहरा ने कहा कि प्रस्तावित आध्यात्मिक केंद्र ओडिशा के पुरी में 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर की प्रतिकृति होगा।