Ajit Pawar plane crash: Rohit Pawar and Yugendra Pawar demand FIR against VSR Ventures
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शप) के विधायक रोहित पवार और उनके चचेरे भाई युगेंद्र पवार ने 28 जनवरी को हुए विमान हादसे के सिलसिले में वीआरएस वेंचर्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को बारामती पुलिस से संपर्क किया।
इस हादसे में उनके चाचा और महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत हो गई थी।
एक दिन पहले ही रोहित पवार ने मुंबई के मरीन ड्राइव थाने में वीएसआर वेंचर्स और उसके निदेशकों के खिलाफ इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई थी।
वीएसआर वेंचर्स उस लियरजेट-45 विमान की संचालक कंपनी है जो पुणे जिले के बारामती में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। विमान में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता अजित पवार और चार अन्य लोग सवार थे।
‘अजित दादा को न्याय’ की मांग वाले पोस्टर लिए समर्थकों के साथ रोहित पवार और युगेंद्र पवार ने बृहस्पतिवार सुबह बारामती तालुका पुलिस थाने में लिखित शिकायत सौंपी।
युगेंद्र पवार ने संवाददाताओं से कहा, “हम मानते हैं कि वीएसआर वेंचर्स के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। हम इस लड़ाई में रोहित दादा का समर्थन करने आए हैं। हमारी मांग है कि अजित दादा को न्याय मिले और हादसे की जांच में तेजी लाई जाए।”
मंगलवार को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने उड़ान योग्यता, हवाई सुरक्षा और उड़ान संचालन से संबंधित स्वीकृत प्रक्रियाओं के अनुपालन में कमी पाए जाने पर वीएसआर वेंचर्स के चार विमानों के परिचालन पर रोक लगा दी थी।