मप्र दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू : ओंकारेश्वर के दर्शन करेंगी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-06-2026
President Murmu arrives on MP tour: will visit Omkareshwar
President Murmu arrives on MP tour: will visit Omkareshwar

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच दिवसीय दौरे पर बृहस्पतिवार को मध्यप्रदेश पहुंचीं। इस दौरे में वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ ही ओंकारेश्वर में भगवान शिव के ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगी और चीतों को भारत में फिर से बसाने की परियोजना के लिए चर्चित कूनो राष्ट्रीय उद्यान का दौरा भी करेंगी।

इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राज्यपाल मंगू भाई पटेल और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उनकी अगवानी की।
 
यादव ने इस मौके पर कहा, ‘‘हम राज्य में राष्ट्रपति का स्वागत करते हैं। वह अपने दौरे में विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ ही चीतों को भारत में फिर से बसाने की परियोजना की प्रगति का जायजा भी लेंगी।’’
 
अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति बैतूल में ब्रह्मकुमारी संस्थान के एक कार्यक्रम में शामिल होंगी।
 
अधिकारियों के मुताबिक मुर्मू बृहस्पतिवार शाम ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। वह ओंकारेश्वर और ममलेश्वर मंदिरों में दर्शन और आरती करेंगी।
 
उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति 19 जून को अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल दिवस के अवसर पर ओंकारेश्वर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
 
अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रपति 20 जून की शाम जबलपुर पहुंचेंगी। वह शहर में 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी।
 
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रपति 22 जून को कूनो राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण करेंगी और इसके बाद दिल्ली लौट जाएंगी।