Preparations for the Kanwar Yatra begin in Muzaffarnagar, with AI cameras and drones monitoring the event.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
इस साल 30 जुलाई से 11 अगस्त तक चलने वाली प्रसिद्ध कांवड़ यात्रा के लिए मुजफ्फरनगर जिले में प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यात्रा को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए ‘एआई’ युक्त कैमरे, ‘ड्रोन’ और विशेष सुरक्षा इकाई तैनात की जायेंगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) संजय कुमार ने पत्रकारों को बताया कि जिले में दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग और गंगा नहर मार्ग पर कांवड़ यात्रा के ग्रामीण और शहरी दोनों रूटों पर ‘एआई’ आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ये कैमरे बिल्कुल सही समय पर अलर्ट देंगे, जिससे पुलिस संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई कर सकेगी।
एसएसपी ने बताया कि जिले में लगभग 2500 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा हवाई निगरानी के लिए ‘ड्रोन’ कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले सभी थानों में पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली और सफाई विभागों के अधिकारी एक साथ मौजूद रहेंगे, ताकि आपात स्थिति में बेहतर समन्वय हो सके।
एसएसपी ने कहा कि अफवाहों पर रोक लगाने के लिए पुलिस सोशल मीडिया मंचों पर भी निगरानी रखेगी तथा ऐसे संदेशों को पहले ही प्रतिबंधित किया जाएगा और बाद में कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए राज्य सरकार से अतिरिक्त पुलिस बल की मांग भी की गई है।
उन्होंने कहा कि सभी सेवा शिविरों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, खासकर खाना बनाने और किचन क्षेत्रों में। उन्होंने कहा कि कैंपों में काम करने वाले लोगों के पास पहचान पत्र होना अनिवार्य होगा।
बारिश के मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने कांवड़ मार्गों से जलभराव हटाने के निर्देश दिए हैं।