Pranav Adani on a 'private' visit to the Singapore GP as F1 bids to return to India
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
फॉर्मूला वन रेस की भारत में वापसी को लेकर चल रही कवायद के बीच प्रणव अडाणी की सिंगापुर ग्रां प्री में निजी यात्रा ने सभी का ध्यान खींचा है ।
पीटीआई को पता चला है कि प्रणव निजी तौर पर सिंगापुर जीपी पैडोक में थे और विश्व मोटर स्पोटर्स की संचालन संस्था एफआईए के अतिथि के रूप में मौजूद थे ।
अडाणी समूह ने कर्जे में डूबे जेपी समूह का अधिग्रहण कर लिया है जिसमें 2011 से 2013 के बीच फॉर्मूला वन रेस की मेजबानी करने वाला बुद्ध इंटरनेशनल सर्किट भी शामिल है । वित्तीय चुनौतियों और कर से जुड़े मसलों के कारण उसके बाद भारत में एफवन रेस नहीं हुई।
करण अडाणी ने भारत में एफवन रेस के आयोजन की इच्छा जताई थी और भारत सरकार की भी इसमें रूचि है । हाल ही में एफवन के भारत में फिर से आयोजन का मार्ग प्रशस्त करने के लिये एक कार्यबल का गठन किया गया है । रेस की वापसी की कोई समय सीमा तय नहीं है लेकिन अडाणी समूह और एफवन प्रबंधन ने इस मामले में बातचीत की है ।
ऐसे में प्रणव की एफआईए अधिकारियों से मुलाकात काफी मायने रखती है । मौजूदा विश्व चैम्पियन ड्राइवर लैंडो नौरिस ने सिंगापुर जीपी से पहले कहा था ,‘‘ मुझे पता है कि भारत में मेरे काफी प्रशंसक हैं । कई साल तक भारतीय ड्राइवर जेहान दारूवाला मेरी टीम में था और मेरे अच्छे दोस्तों में से है ।’’