प्रधानमंत्री मोदी ने चिकित्सक दिवस और सीए दिवस पर शुभकामनाएं दीं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 01-07-2026
PM Modi extends greetings on Doctors' Day and CA Day
PM Modi extends greetings on Doctors' Day and CA Day

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को चिकित्सक दिवस और ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट’ (सीए) दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि असंख्य लोग चिकित्सकों और सीए के अथक प्रयासों के लिए उनके आभारी हैं और उन पर भरोसा करते हैं।

प्रधानमंत्री ने भूकंप प्रभावित वेनेजुएला में ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत अथक कार्य कर रहे भारत के सभी चिकित्सकों और चिकित्सा पेशेवरों की भी सराहना करते हुए कहा कि ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में जरूरतमंद लोगों की सेवा करने के उनके प्रयास इस बात का उत्कृष्ट उदाहरण हैं कि समाज के सामने जब भी कोई चुनौती आती है तो चिकित्सा पेशेवर कैसे आगे आकर उससे निपटने में मदद करते हैं।
 
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ‘पोस्ट’ किए गए अलग-अलग संदेशों में कहा कि सरकार ‘विकसित भारत’ के निर्माण की दिशा में काम कर रही है और देश के चिकित्सक बीमारी से बचाव के लिए स्वास्थ्य सेवा को बढ़ावा देने, चिकित्सा के क्षेत्र में अनुसंधान को आगे बढ़ाने, नवोन्मेष को अपनाने तथा सभी को सस्ती एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि देश विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, ऐसे में सीए के प्रयास ऐसा वातावरण बनाने में मदद करते हैं जिसमें उद्यम फल-फूल सकें और सभी के लिए अवसरों का विस्तार हो।
 
मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘हमारे समर्पित चिकित्सकों को चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं। उनकी कड़ी मेहनत, करुणा और प्रतिबद्धता भारत की स्वास्थ्य सेवा प्रणाली की रीढ़ है। वे अक्सर अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अथक कार्य करते हैं जिसके कारण असंख्य लोग उनके आभारी हैं और उन पर भरोसा करते हैं।’’
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने पिछले एक दशक में स्वास्थ्य सेवा तंत्र को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है।
 
उन्होंने कहा कि चिकित्सा महाविद्यालयों की संख्या दोगुने से अधिक हो गई है जबकि स्नातक और स्नातकोत्तर चिकित्सा सीटों की संख्या में भी काफी वृद्धि हुई है।
 
मोदी ने कहा, ‘‘यह अभूतपूर्व वृद्धि चिकित्सक बनने के इच्छुक लोगों के लिए अधिक अवसर पैदा कर रही है, एक मजबूत स्वास्थ्य सेवा कार्यबल तैयार कर रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा देश के हर कोने तक पहुंचे।’’
 
मोदी ने पूरे सीए समुदाय को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे भारत की आर्थिक यात्रा में लंबे समय से विश्वसनीय भागीदार रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और पेशेवर उत्कृष्टता को लेकर अपनी प्रतिबद्धता के माध्यम से ‘चार्टर्ड अकाउंटेंट’ देश की वित्तीय प्रणालियों को मजबूत करते हैं, व्यवसायों को सहयोग देते हैं, उद्यमिता को बढ़ावा देते हैं और निवेशकों में विश्वास पैदा करते हैं।