आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और कामना की कि भगवान धन्वंतरि की दिव्य कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य बना रहे।
मोदी ने दिवाली उत्सव के पहले दिन धनतेरस पर सभी से बेहतर स्वास्थ्य के लिए संकल्प लेने की अपील भी की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सभी देशवासियों को धनतेरस की अनंत शुभकामनाएं। भगवान धन्वंतरि की दिव्य कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से सदैव आलोकित रहे। हर परिवार में उमंग और आनंद का अखंड दीप प्रज्वलित रहे, यही मंगलकामना है।’’
प्रधानमंत्री ने परिवारों को खानपान के प्रति सजग रहने, नियमित योग करने, पर्याप्त नींद लेने और समय पर स्वास्थ्य जांच कराने जैसी अच्छी आदतें अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
केंद्रीय मंत्री प्रतापराव जाधव के स्वास्थ्य सेवा में निवेश के महत्व पर लिखे एक लेख पर प्रतिक्रिया देते हुए मोदी ने कहा, ‘‘आइए, हम उन चीजों में निवेश करें जो सबसे ज्यादा मायने रखती हैं- हमारे प्रियजनों का स्वास्थ्य और हमारे परिवारों का बेहतर भविष्य।"
धनतेरस पर सोना, चांदी और बर्तन आदि खरीदने की हिंदू परंपरा है। मान्यता है कि ये धातुएं धन, समृद्धि और सौभाग्य का प्रतीक हैं।