PM Modi expresses joy as Jai Prakash Narayan Bird Sanctuary becomes India's 100th Ramsar site
नई दिल्ली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के बलिया में स्थित जय प्रकाश नारायण पक्षी अभयारण्य (सुरहा ताल) को भारत का 100वां रामसर स्थल घोषित किए जाने पर खुशी जताई। यह देश में वेटलैंड्स (आर्द्रभूमि) के संरक्षण की कोशिशों में एक अहम उपलब्धि है। प्राकृतिक इकोसिस्टम और वेटलैंड्स की सुरक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को याद करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि लगातार संरक्षण प्रयासों से इस क्षेत्र में सामुदायिक भागीदारी, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, इनोवेशन और जागरूकता अभियानों को मजबूती मिली है।
X पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा, "रामसर स्थलों के मामले में शतक! खुशी है कि उत्तर प्रदेश के बलिया में जय प्रकाश नारायण पक्षी अभयारण्य (सुरहा ताल) को भारत का 100वां रामसर स्थल घोषित किया गया है। यह वेटलैंड पक्षियों की विविधता से समृद्ध है और कई प्रवासी व स्थानीय पक्षियों को आकर्षित करता है।" उन्होंने आगे कहा, "हमारे प्राकृतिक परिवेश और खासकर वेटलैंड्स की सुरक्षा के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता इस उपलब्धि में साफ झलकती है। पिछले कुछ वर्षों में, सामुदायिक भागीदारी, विज्ञान, इनोवेशन और जागरूकता अभियानों के जरिए वेटलैंड्स के संरक्षण और पुनरुद्धार की कोशिशों को मजबूती मिली है।"
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये प्रयास जैव विविधता को बचाने, इकोलॉजिकल संतुलन सुनिश्चित करने और आने वाली पीढ़ियों के लिए एक हरा-भरा भविष्य बनाने में मदद कर रहे हैं। इस बीच, विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने पर्यावरण की सुरक्षा और सस्टेनेबल ग्रोथ (सतत विकास) को आगे बढ़ाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया। X पर एक पोस्ट में, प्रधानमंत्री मोदी ने इकोलॉजिकल बहाली और जानवरों की सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार द्वारा किए गए प्रयासों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा, "विश्व पर्यावरण दिवस पर सभी को शुभकामनाएं। मैं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उत्साहित सभी लोगों की सराहना करना चाहता हूं। यह दिन पर्यावरण की सुरक्षा और सस्टेनेबल ग्रोथ को आगे बढ़ाने के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराने का है। पिछले दशक में हमारी सरकार के कई प्रयास इस दिशा में हमारे काम को उजागर करते हैं। भारत की कुछ प्रमुख सफलताओं में ग्रीन कवर का विस्तार और कई जानवरों की आबादी में वृद्धि शामिल है।"
उन्होंने पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए लोगों के सामूहिक प्रयासों की भी सराहना की। प्रधानमंत्री मोदी ने सरकार के पशु संरक्षण प्रयासों का भी जिक्र किया और कहा कि ये वन्यजीवों और इकोसिस्टम को बहाल करने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।