आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 10 दिनों से भी कम समय में शनिवार को तीसरी बार बढ़ोतरी की गई। पेट्रोल की कीमत में 87 पैसे लीटर जबकि डीजल के दाम में 91 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी हुई है।
ताजा बढ़ोतरी के बाद 10 दिनों के भीतर पेट्रोल एवं डीजल के दाम देशभर में लगभग पांच रुपये प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं।
इसके साथ ही वाहन ईंधन के तौर पर इस्तेमाल होने वाले सीएनजी की कीमत में भी एक रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि की गई है। हाल के दिनों में तीसरी बार हुई बढ़ोतरी के बाद सीएनजी के दाम कुल चार रुपये प्रति किलोग्राम तक बढ़ चुके हैं।
पश्चिम एशिया संकट के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के साथ सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियां ईंधन के खुदरा दाम बढ़ा रही हैं। हालांकि इसके पहले लंबे समय पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े थे।
पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में यह वृद्धि वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, रिफाइनिंग मार्जिन में कमी और रुपये के कमजोर होने के कारण हुई है।
मूल्यवृद्धि के बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये प्रति लीटर से 87 पैसे बढ़कर 99.51 रुपये प्रति लीटर हो गई। इसी तरह, डीजल की कीमत 91.58 रुपये प्रति लीटर से 91 पैसे बढ़कर 92.49 रुपये प्रति लीटर हो गई।
इससे पहले 15 मई को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में तीन रुपये प्रति लीटर और 19 मई को लगभग 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी।
इसके साथ सीएनजी के दाम भी बढ़ाए गए हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) की वेबसाइट के मुताबिक, दिल्ली में सीएनजी की कीमत 80.09 रुपये से बढ़कर 81.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।