पेमा खांडू बोले- भाजपा नेतृत्व में बंगाल में विकास और सुशासन का नया दौर शुरू होगा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-05-2026
Pema Khandu said – a new era of development and good governance
Pema Khandu said – a new era of development and good governance

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के पहले भाजपा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी और विश्वास व्यक्त किया कि राज्य में "विकास और सुशासन का एक नया युग" शुरू होगा।
 
खांडू ने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोग एक ऐसे युग की उम्मीद कर सकते हैं "जहां राज्य का हर कोना समृद्ध हो, हर आवाज सुनी जाए और हर सपना साकार हो।"
 
कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड मैदान में ‘‘जय श्री राम’’ के उद्घोष, ढोल की थाप और लहराते भगवा झंडों के बीच राज्यपाल आर. एन. रवि ने अधिकारी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
 
शपथग्रहण समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित राज्यों के मुख्यमंत्री विशाल मंच पर मौजूद थे।
 
खांडू ने कोलकाता में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के बाद सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट में कहा, "पश्चिम बंगाल के लिए एक नया अध्याय शुरू होने वाला है। एक ऐसा अध्याय जो विकास, शांति और सद्भाव की स्याही से लिखा जाएगा।"
 
नए मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए खांडू ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के उदय का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व को दिया।
 
उन्होंने कहा, "मुझे विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अद्वितीय मार्गदर्शन में पश्चिम बंगाल परिवर्तन, विकास और सुशासन के एक नए युग का साक्षी बनेगा।"