आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है। शुक्रवार को पूरे प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहा और कई जिलों में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटे की अवधि में मेरठ जिले के मवाना में राज्य में सर्वाधिक 315 मिलीमीटर (मिमी) वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद मुजफ्फरनगर के जानसठ में 270.1 मिमी, मुजफ्फरनगर शहर में 213.3 मिमी और खतौली में 212.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
आईएमडी के अनुसार, सक्रिय मानसून के प्रभाव से 11 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश के मध्य भागों में ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण तथा उत्तर-पश्चिम मध्यप्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण दक्षिण-पश्चिम मानसून और अधिक सक्रिय हो गया है। प्रदेश में 11 जुलाई के बाद वर्षा की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने का अनुमान है, हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश जारी रह सकती है।
मौसम विभाग ने कहा कि लगातार बादल छाए रहने और व्यापक रूप से बारिश के कारण अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है।
इस बीच, लखनऊ से जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि तथा पशुहानि का संज्ञान लिया है।
उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर नुकसान का आकलन कर मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने, पीड़ित परिवारों से सीधे संपर्क बनाए रखने तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।