आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने शनिवार को ‘‘ऑपरेशन तूफान : द नार्को हंट’’ नामक राज्यव्यापी मादक पदार्थ विरोधी अभियान की घोषणा की, जिसका उद्देश्य मादक पदार्थ गिरोहों पर शिकंजा कसना और राज्य में नशीले पदार्थों के प्रसार पर रोक लगाना है।
चेन्निथला ने यहां पुलिस मुख्यालय में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की पहली उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करने के बाद इस पहल की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि यह विशेष अभियान एक जून से शुरू होगा, जो गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलने के साथ ही आरंभ किया जाएगा। इसका ध्यान विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशीली दवाओं के वितरण नेटवर्क को खत्म करने पर केंद्रित होगा।
गृह मंत्री ने स्कूल परिसरों के निकट तंबाकू उत्पादों और मादक पदार्थों की बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थ, विशेष रूप से सिंथेटिक ड्रग्स, केरल में गंभीर खतरे के रूप में उभर रहे हैं और पुलिस आने वाले दिनों में इस समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए सघन अभियान चलाएगी।
चेन्निथला ने कहा, ‘‘मादक पदार्थों की गतिविधियों से जुड़े सभी लोगों को पुलिस निगरानी में लाया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि यह अभियान विशेष रूप से सिंथेटिक ड्रग्स की आपूर्ति शृंखलाओं और आदतन अपराधियों को निशाना बनाएगा तथा इसके लिए खुफिया और आंकड़ा आधारित प्रवर्तन उपाय अपनाए जाएंगे। इसमें अन्य राज्यों की पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा।
मीडिया और आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों और व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।