On his mother's autobiography, Rahul said: Papa must be looking proudly at his beautiful Sonia from up above.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी की आत्मकथा को लेकर बृहस्पतिवार कहा कि "पापा ऊपर से अपनी खूबसूरत सोनिया को गर्व से देख रहे होंगे।"
सोनिया गांधी की आत्मकथा इस साल नवंबर में बाजार में आने वाली है।
राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्हें गर्व है कि उनकी मां की कहानी उन करोड़ों लोगों तक पहुंचेगी, जो उनसे प्यार करते हैं। उनका कहना है कि वह जानते हैं कि सोनिया जैसी बेहद निजी जीवन जीने वाली शख्सियत के लिए दुनिया के सामने अपनी खूबसूरत कहानी रखना कितना कठिन रहा होगा।
सोनिया गांधी नवंबर में अपनी आत्मकथा लेकर आएंगी, जिसमें वह भारत के सबसे शक्तिशाली राजनीतिक परिवारों में से एक में विवाह के बाद अपने जीवन, पति राजीव गांधी की हत्या के उस दुखद दौर और 2004 में प्रधानमंत्री पद अस्वीकार करने सहित कई निजी अनुभव साझा करेंगी।
अमेरिकी प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस की इकाई 'अल्फ्रेड ए. नॉफ' ने मंगलवार को घोषणा की कि सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ 10 नवंबर को प्रकाशित होगी। हालांकि, पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने भारत में पुस्तक के विमोचन की तारीख की अभी पुष्टि नहीं की है।
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मां, मैंने आपको और पापा को आखिरी बार 35 साल से अधिक समय पहले साथ देखा था। जिस दिन पापा हमें छोड़कर गए, उस दिन से मैंने आपको जीवन की हर चुनौती का सामना असीम साहस और गरिमा के साथ करते देखा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘केवल प्रियंका और मैं ही वास्तव में जानते हैं कि आपने किन परिस्थितियों का सामना किया और पापा के जाने के बाद आपका जीवन कितना कठिन था।’’
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है और गर्व भी कि आपकी कहानी—‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’—आखिरकार उन लाखों लोगों द्वारा पढ़ी जाएगी, जो आपसे प्यार करते हैं। मैं जानता हूं कि आप जैसी निजी जीवन को महत्व देने वाली शख्सियत के लिए दुनिया के सामने अपनी खूबसूरत कहानी रखना कितना कठिन था।’’