उमर ने जम्मू-कश्मीर के गांदरबल में खीर भवानी मंदिर का दौरा किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-06-2026
Omar visits Kheer Bhawani Temple in Ganderbal, Jammu and Kashmir
Omar visits Kheer Bhawani Temple in Ganderbal, Jammu and Kashmir

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने बृहस्पतिवार को गांदरबल जिले में खीर भवानी मंदिर का दौरा किया और मंदिर में आगामी वार्षिक मेले की तैयारियों का जायजा लिया।
 
सोमवार को वार्षिक मेला मनाने के लिए सैकड़ों भक्तों, जिनमें ज्यादातर कश्मीरी पंडित हैं, के मध्य कश्मीर जिले के तुलमुल्ला में माता खीर भवानी के नाम से मशहूर रागन्या देवी के मंदिर में आने की उम्मीद है।
 
मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के लिए की गई विभिन्न सुविधाओं का निरीक्षण किया और मेले के सुचारू संचालन के लिए व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
 
अब्दुल्ला ने भी मंदिर में शीश नवाया।
 
दौरे के बाद अब्दुल्ला ने संवाददाताओं से कहा, "यह एक पवित्र दिन है। देश और दुनिया के विभिन्न हिस्सों से लोग यहां दर्शन करने और माता का आशीर्वाद लेने आते हैं। मैं जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री और उससे भी अधिक गांदरबल के विधायक के रूप में व्यवस्थाओं का आकलन करने और तैयारियों की समीक्षा करने के लिए यहां आया हूं।"
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने मंदिर में पुजारियों और अन्य लोगों से बात की जिन्होंने व्यवस्था के बारे में कुछ मुद्दे उठाए और जिस पर उमर ने उन्हें आश्वासन दिया कि 22 जून को मेले से पहले उनका समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
 
आगामी वार्षिक अमरनाथ यात्रा के बारे में एक सवाल के जवाब में अब्दुल्ला ने कहा कि श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड इस साल तीन जुलाई से शुरू होने वाली तीर्थयात्रा की व्यवस्था की देखरेख करता है।
 
उन्होंने कहा, "बोर्ड यात्रा की देखरेख करता है और सुचारू यात्रा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी बोर्ड की है। हालांकि, सरकार की ओर से हमें जो भी सहयोग देना होगा, हम वह कर रहे हैं।"
 
मुख्यमंत्री ने तीर्थयात्रियों से जम्मू-कश्मीर में शांति और भाईचारे के लिए प्रार्थना करने की अपील की।